ভিডিও

राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग, दो कोच जलकर खाक

रतलाम के पास त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में हादसा, सभी यात्री सुरक्षित; दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग प्रभावित

रतलाम/कोटा। त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोचों में रविवार सुबह भीषण आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा मध्य प्रदेश में रतलाम से करीब 110 किलोमीटर दूर लूणी-विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच सुबह लगभग 5:15 से 5:30 बजे के बीच हुआ। आग इतनी भयावह थी कि दूर तक आसमान में धुएं और लपटों का गुबार दिखाई देने लगा।
जानकारी के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 एसी कोच में अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते थर्ड एसी तथा एसएलआर कोच भी आग की चपेट में आ गए। गार्ड ने तत्काल लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तुरंत रोका गया।
15 मिनट में खाली कराया गया पूरा कोच
बी-1 कोच में करीब 68 यात्री सवार थे। आग फैलते ही ट्रेन में मौजूद आरपीएफ जवानों, रेलवे कर्मचारियों और अन्य स्टाफ ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तत्काल डि-बोर्डिंग कराई गई और करीब 15 मिनट के भीतर पूरा कोच खाली करा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है।
दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग प्रभावित
आग लगने के बाद रेलवे ने एहतियातन ओएचई यानी ओवरहेड बिजली सप्लाई बंद कर दी, जिसके चलते दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर रेल यातायात प्रभावित हो गया। कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। मुंबई सेंट्रल-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12955) को महिदपुर रोड स्टेशन पर रोका गया।
राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही कोटा रेल मंडल से दुर्घटना राहत ट्रेन और एआरएमई टीम मौके के लिए रवाना की गई। डीआरएम अनिल कालरा, वरिष्ठ रेलवे अधिकारी, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ डीसीएम सौरभ जैन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि राजधानी एक्सप्रेस के दो कोच प्रभावित हुए हैं, लेकिन सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, उच्च स्तरीय जांच के आदेश
रेलवे अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे। रेलवे ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। एसएलआर कोच में रखे सामान के नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।
यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था
रेलवे प्रशासन ने प्रभावित यात्रियों के लिए नाश्ते और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की है। बी-1 कोच के यात्रियों को अन्य कोचों में समायोजित कर कोटा तक ले जाने की तैयारी की गई है। कोटा स्टेशन पर एक अतिरिक्त कोच जोड़कर यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए शिफ्ट किया जाएगा।
रेलवे का बयान
पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि आग लगते ही प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया था। ओएचई लाइन भी प्रभावित हुई है, जिसकी मरम्मत का कार्य जारी है। लाइन बहाल होते ही दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन सामान्य कर दिया जाएगा। फिलहाल रेलवे की पहली प्राथमिकता ट्रैक को जल्द क्लियर कर यातायात बहाल करना है।

TAGS

সম্পর্কিত খবর