आसनसोल, पश्चिम बंगाल:
आसनसोल साउथ विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल बुधवार को अपने समर्थकों के साथ आसनसोल कोर्ट परिसर स्थित एसडीओ कार्यालय नामांकन दाखिल करने पहुँचीं। इस दौरान पूरा माहौल चुनावी रंग में रंगा नजर आया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर अग्निमित्रा पाल समर्थकों के साथ नाचती-झूमती दिखीं और भाजपा का झंडा लहराते हुए शक्ति प्रदर्शन किया।
इस नामांकन जुलूस में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और उम्मीदवार भी मौजूद रहे। आसनसोल नॉर्थ से उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखर्जी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, पश्चिम बर्धमान जिलाध्यक्ष देबत्नु भट्टाचार्य के अलावा कुल्टी और बराबनी विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवार डॉ. अजय पोद्दार और अर्जित राय मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
नामांकन के बाद मीडिया से बात करते हुए अग्निमित्रा पाल ने दावा किया कि भाजपा पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “सोनार बांग्ला” बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता बदलाव चाहती है और इस बार चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने भी तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भवानीपुर में गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे से पहले ही मुख्यमंत्री घबराई हुई नजर आ रही हैं। भट्टाचार्य ने ममता बनर्जी के हालिया बयानों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो खुद को “रॉयल बंगाल टाइगर” कहती हैं, वह अब इस तरह की बातें क्यों कर रही हैं।
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के पास “पुलिस और गुंडों” के अलावा कुछ नहीं बचा है और राज्य में उसकी विदाई तय है। साथ ही, ममता बनर्जी के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने कहा था कि चुनाव परिणाम के बाद भाजपा कार्यकर्ता पोस्टर लगाकर अपनी पहचान छिपाएंगे, भट्टाचार्य ने पलटवार करते हुए कहा कि पोस्टर जरूर लगेंगे, लेकिन वे तृणमूल सरकार की विदाई के होंगे।
चुनावी माहौल के बीच नेताओं के तीखे बयान और शक्ति प्रदर्शन ने आसनसोल में राजनीतिक सरगर्मी को और तेज कर दिया है।





