
पश्चिम बंगाल में उस समय हड़कंप मच गया जब कोलकाता हाई कोर्ट सहित राज्य की सात अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल भेजा गया। धमकी के बाद सभी संबंधित अदालत परिसरों को एहतियातन खाली करा लिया गया और व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।
कोलकाता के अलावा आसनसोल, दुर्गापुर, बहरमपुर, सिउड़ी, रामपुरहाट और अलीपुर कोर्ट को भी धमकी भरा ईमेल मिला है। राजधानी समेत पांच जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
आसनसोल के जिला जज देव प्रसाद नाथ के अनुसार, सुबह करीब 11:30 बजे उन्हें ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें दोपहर 1 बजे अदालत परिसर में विस्फोट की चेतावनी दी गई थी। ईमेल मिलते ही न्यायिक कार्य तत्काल स्थगित कर दिए गए और कोर्ट परिसर खाली करा लिया गया। इसकी सूचना आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट को दी गई।
सूचना मिलते ही डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर को घेर लिया गया। आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड द्वारा अदालत कक्षों और जजों के चेंबर की सघन तलाशी ली जा रही है।
सूत्रों के अनुसार धमकी भरा ईमेल बांग्ला भाषा में भेजा गया है। ईमेल आईडी और तकनीकी स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल जांच में जुट गई है। फिलहाल किसी भी अदालत परिसर से विस्फोटक बरामद होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।




