आसनसोल में योगी आदित्यनाथ की जनसभा, भाजपा उम्मीदवार अर्जित राय के समर्थन में किया प्रचार
आसनसोल, पश्चिम बंगाल:
आसनसोल के बराबनी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आंचड़ा ग्राम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित करने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा उम्मीदवार अर्जित राय के पक्ष में वोट की अपील की और तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
सभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बंगाल की धरती सदियों से भारत की प्रेरणा भूमि रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने कहा कि इसी धरती ने देश को राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रीय गान दिया है। साथ ही स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, रवींद्रनाथ टैगोर और रामकृष्ण परमहंस जैसे महान व्यक्तित्वों को जन्म दिया, जिनकी गाथाएं भारतीय इतिहास में सदैव दर्ज रहेंगी।
तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में राज्य में आतंक, माफिया राज और भ्रष्टाचार का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि रेत, कोयला और भूमि माफिया के जरिए सिंडिकेट राज चलाया जा रहा है और केंद्र सरकार द्वारा भेजी गई योजनाओं का पैसा आम जनता तक नहीं पहुंच रहा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य में भय और असुरक्षा का वातावरण है, जिससे जनता अब मुक्ति चाहती है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भी 9 वर्ष पहले ऐसी ही स्थिति थी, लेकिन “डबल इंजन” सरकार के आने के बाद हालात बदल गए। उन्होंने कहा कि यूपी में माफिया और गुंडागर्दी पर काबू पाया गया है और विकास की गति तेज हुई है।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बंगाल को दंगा मुक्त और सुरक्षित राज्य बनाने के लिए भाजपा को मौका देना जरूरी है। उन्होंने “डबल इंजन” सरकार की वकालत करते हुए कहा कि इससे राज्य में विकास तेज गति से होगा।
सभा के अंत में उन्होंने लोगों से भाजपा उम्मीदवार अर्जित राय को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।





