
आसनसोल, पश्चिम बंगाल। आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र के लालबंगला इलाके में उस समय तनाव फैल गया जब मातृशक्ति फॉर्म भरवा रहे भाजपा कर्मियों पर कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। भाजपा के अनुसार, वार्ड संख्या 15 के तृणमूल काउंसलर श्याम सोरेन के नेतृत्व में 20 से 22 लोगों ने अचानक लाठी-डंडों और लात-घूसों से हमला किया।
इस घटना में भाजपा कर्मी तेज प्रताप सिंह के साथ मारपीट की गई, वहीं एक महिला कार्यकर्ता राखी हांसदा के साथ दुर्व्यवहार और उनके कपड़े फाड़ने का भी आरोप लगाया गया है। हमलावरों ने कथित तौर पर भाजपा का प्रचार करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
घटना की जानकारी मिलते ही आसनसोल उत्तर विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखर्जी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए तृणमूल पर हिंसा की राजनीति करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि तृणमूल कार्यकर्ताओं को पुलिस का संरक्षण मिल रहा है, जिससे उनका मनोबल बढ़ा हुआ है।
भाजपा की ओर से इस मामले में आसनसोल नॉर्थ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, वहीं भाजपा कर्मियों ने थाने का घेराव कर जमकर प्रदर्शन भी शुरू कर दिया है, साथ आरोपियों की गिरफ़्तारी की मांग भी कर रहे हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



