कोलकाता, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने राज्य में सक्रिय बालू, कोयला और पत्थर माफियाओं के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोगों को इन माफियाओं, भ्रष्टाचार, रंगदारी और अन्य अवैध गतिविधियों की शिकायत दर्ज कराने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए राज्य सरकार जल्द ही एक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हेल्पलाइन पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत की तत्काल जांच शुरू की जाएगी और जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या अवैध वसूली को बर्दाश्त नहीं करेगी।
सुवेंदु अधिकारी ने पुलिस विभाग को भी सख्त संदेश देते हुए कहा कि यदि किसी पुलिसकर्मी के खिलाफ अवैध वसूली की शिकायत फोटो, वीडियो या अन्य ठोस साक्ष्यों के साथ प्राप्त होती है, तो संबंधित पुलिसकर्मी को तत्काल निलंबित कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी और कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना किसी भय के भ्रष्टाचार, माफियाओं और रंगदारी से जुड़ी शिकायतें सरकार तक पहुंचाएं, ताकि राज्य में पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित किया जा सके।





