आसनसोल, पश्चिम बंगाल। आसनसोल साउथ थाना क्षेत्र के बूदा अघोरी पाड़ा इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान कथित तौर पर तृणमूल कार्यकर्ताओं द्वारा एक भाजपा कर्मी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि भाजपा कर्मी को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा गया।
भाजपा की महिला कर्मी जयंती राय के अनुसार, उनके पति इलाके में माइकिंग के जरिए चुनाव प्रचार कर रहे थे और साथ ही भाजपा का झंडा लगा रहे थे। इसी दौरान तृणमूल के कुछ कार्यकर्ता—अर्णव, दीपक और प्रदीप—वहाँ पहुंचे और उन्हें झंडा लगाने से रोक दिया। आरोप है कि उन्होंने भाजपा के पक्ष में प्रचार न करने की धमकी भी दी।
बताया जा रहा है कि इसी बीच स्थानीय तृणमूल काउंसलर शम्पा दा ने भाजपा कर्मी को बातचीत के लिए एक कमरे में बुलाया। लेकिन आरोप है कि जैसे ही वह बातचीत के लिए कमरे में गए, दरवाजा बंद कर दिया गया, उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया और लात-घूंसों से उनकी पिटाई की गई।
घटना के बाद भाजपा नेता और आसनसोल उत्तर विधानसभा सीट से उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखर्जी ने आसनसोल साउथ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
हालांकि, इस मामले में तृणमूल की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



