आसनसोल, पश्चिम बर्धमान:
आगामी 2026 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए जनसंघर्ष मंच ने आसनसोल साउथ में अपनी राजनीतिक रणनीति स्पष्ट कर दी है। संगठन की ओर से नेशनलिस्ट कंजरवेटिव पार्टी के समर्थन से राजूनाथ आंदार को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं जामुरिया सीट से रिया मुखर्जी चुनाव लड़ रही हैं।
संगठन की नेता राजन्या हल्दार ने बताया कि अब तक राज्य के सात स्थानों पर उम्मीदवार उतारे जा चुके हैं और आने वाले दिनों में अन्य जिलों में भी उम्मीदवार दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि युवाओं को राजनीति में आगे लाना और एक मजबूत वैकल्पिक राजनीतिक शक्ति तैयार करना ही उनका मुख्य उद्देश्य है। इस दौरान आकाश घटक के समर्थन के लिए आभार भी जताया गया।
जनसंघर्ष मंच ने अपने बयान में तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। बेरोजगारी, बंद पड़ी फैक्ट्रियां, पेयजल संकट, खराब सड़कें और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
संगठन का आरोप है कि बड़ी राजनीतिक पार्टियां वर्षों से क्षेत्र के संसाधनों का उपयोग कर रही हैं, लेकिन आम लोगों के विकास के लिए पर्याप्त काम नहीं हुआ है।
उम्मीदवारों ने भरोसा दिलाया कि अगर वे चुनाव जीतते हैं तो किसी भी बड़ी पार्टी के साथ समझौता नहीं करेंगे और स्वतंत्र रूप से जनता के हित में काम करेंगे।
चुनाव से पहले इस नई राजनीतिक पहल और मुद्दों को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि जनता इस विकल्प को कितना समर्थन देती है।





