पांडवेश्वर, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया के दौरान पांडवेश्वर से बीजेपी प्रत्याशी जितेंद्र तिवारी ने अपने अनोखे अंदाज से सभी का ध्यान आकर्षित किया। बुधवार को उन्होंने पारंपरिक “मछली यात्रा” के साथ अपनी नामांकन यात्रा की शुरुआत की।
सुबह से ही दुर्गापुर जिला प्रशासन कार्यालय में विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवार नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंच रहे थे। इसी बीच बीजेपी उम्मीदवार जितेंद्र तिवारी की रैली खास बन गई, जब उनके समर्थक हाथों में मछलियां लेकर उनके साथ नजर आए।
स्थानीय मान्यता के अनुसार, मछली को शुभता का प्रतीक माना जाता है। दुर्गा पूजा के दौरान विजयादशमी के दिन भी कई लोग मछली लेकर शुभ कार्य की शुरुआत करते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए तिवारी ने नामांकन से पहले “मछली यात्रा” निकाली।
रैली में जहां कार्यकर्ता छोटी-छोटी मछलियां लेकर पहुंचे, वहीं एक बड़ी मछली भी आकर्षण का केंद्र बनी, जिसे स्वयं प्रत्याशी जितेंद्र तिवारी हाथ में लेकर चलते नजर आए। समर्थकों ने इसे जीत और शुभता का प्रतीक बताया।
इसके बाद पुष्प और चंदन के साथ पारंपरिक रीति-रिवाज निभाते हुए यह यात्रा दुर्गापुर के उपमंडल शासक (SDO) कार्यालय की ओर रवाना हुई, जहां तिवारी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
इस अनोखी नामांकन यात्रा ने न सिर्फ राजनीतिक माहौल को रंगीन बनाया, बल्कि स्थानीय संस्कृति और परंपरा की झलक भी पेश की।





