धनबाद, झारखंड धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खड़काबाद इलाके में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक टन गाय के चमड़े के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पश्चिम बंगाल नंबर की एक ट्रक भी जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोलकाता निवासी महबूब खान के रूप में हुई है, जो ट्रक चालक बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ट्रक के माध्यम से खड़काबाद क्षेत्र से गाय के चमड़े को पश्चिम बंगाल ले जाने की तैयारी में था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इलाके में कई गोदामों में बड़ी मात्रा में चमड़ा एकत्रित किया जाता है, जिसे बाद में पश्चिम बंगाल के विभिन्न चमड़ा कारोबारियों को भेजा जाता है।
सूत्रों के अनुसार, इस अवैध कारोबार के पीछे एक संगठित अंतरराज्यीय सिंडिकेट सक्रिय हो सकता है, जिसके तार झारखंड के धनबाद से लेकर पश्चिम बंगाल के आसनसोल और कोलकाता तक फैले होने की आशंका है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि चमड़े के भंडारण और परिवहन में किन-किन लोगों की भूमिका रही है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। बरामद चमड़े की वैधता, स्रोत और परिवहन संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अंतरराज्यीय नेटवर्क के संभावित संबंधों को खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही अवैध तस्करी के दावों और सिंडिकेट की भूमिका को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।





