आसनसोल, पश्चिम बंगाल
आसनसोल के जामुड़िया थाना अंतर्गत चुरुलिया पुलिस फाड़ी इलाके में मोची पाड़ा और फकीर पाड़ा के लोगों के बीच हिंसक झड़प की घटना सामने आई है। इस झड़प के दौरान दोनों पक्षों की ओर से जमकर तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की गई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद की जड़ इलाके में स्थित ईसीएल की कोयला खदान से अवैध रूप से कोयला चोरी को लेकर है। बताया जा रहा है कि चुरुलिया पुलिस फाड़ी ने हाल ही में खदान से हो रही अवैध कोयला चोरी को बंद करवा दिया था। इसके बाद इलाके के लोग दो गुटों में बंट गए—एक गुट अवैध कोयला चोरी के समर्थन में है, जबकि दूसरा गुट इसके विरोध में है।
इसी मुद्दे को लेकर इलाके में विवाद बढ़ गया और दोबारा अवैध तरीके से कोयला निकालने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि खदान क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही के कारण इलाके की सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं, लेकिन खदान प्रबंधन की ओर से सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। इसी मांग को लेकर ग्रामीणों ने खदान परिसर में विरोध प्रदर्शन किया था।
इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध प्रदर्शन का विरोध करना शुरू कर दिया, जिसके बाद दोनों गुटों के बीच झड़प शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि चुरुलिया बाजार इलाके में तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय के सामने भी मारपीट की घटना हुई। इस दौरान वहां खड़ी कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और पार्टी कार्यालय को भी नुकसान पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।





