काठमांडू से उड़ान भरने वाली एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट के इंजन में आग लगने की वजह से कोलकाता मे आपातकालीन लैंडिंग
कोलकाता, पश्चिम बंगाल के कोलकाता इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आज उस समय हड़कंप मच गया, जब काठमांडू से उड़ान भरने वाली एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट के इंजन में आग लगने की वजह से आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 236 यात्री सुरक्षित हैं।
जानकारी के मुताबिक, THY 727 फ्लाइट ने काठमांडू के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दोपहर 1 बजकर 29 मिनट पर उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ देर बाद ही कॉकपिट में संकेत मिला कि विमान के दो में से एक इंजन में खराबी आ गई है।
बताया जा रहा है कि दाहिने इंजन में मैकेनिकल फॉल्ट के कारण आग लग गई थी। इसके बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को एक ही इंजन की मदद से उड़ाया और तुरंत कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, विमान दोपहर 2 बजकर 49 मिनट पर कोलकाता इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। विमान में कुल 236 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित हैं।
फिलहाल विमान को टैक्सीवे पर खड़ा किया गया है और संबंधित एविएशन अथॉरिटी के अधिकारी तकनीकी जांच और मेंटेनेंस का काम कर रहे हैं। समय रहते पायलट की सूझबूझ और एयरपोर्ट प्रशासन की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।








