
आसनसोल, पश्चिम बंगाल आगामी विधानसभा चुनाव से पहले आसनसोल के कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा द्वारा आयोजित परिवर्तन सभा के दौरान तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा, जब पार्टी के एक सक्रिय नेता बुम्बा चौधरी के नेतृत्व में करीब 500 कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया।
इस अवसर पर पश्चिम बंगाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने मंच पर सभी नए शामिल कार्यकर्ताओं को भाजपा का झंडा थमाकर पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल कराया। कार्यक्रम में कुल्टी के भाजपा विधायक डॉ. अजय पोद्दार, राज्य स्तरीय नेता कृषनेन्दु मुखर्जी, केशव पोद्दार, पश्चिम बर्धमान जिलाध्यक्ष देबतनु भट्टाचार्य समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि राज्य में तृणमूल के खिलाफ माहौल बन रहा है और बड़ी संख्या में लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा मजबूत प्रदर्शन करेगी।





