प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा-संकल्प पर 17 सितंबर से विशेष अभियान, पश्चिम बर्दवान में भी होंगे 12 कार्यक्रम
आसनसोल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा, त्याग और तपस्या को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में विशेष सेवा-संकल्प अभियान चलाया जाएगा। पश्चिम बंगाल में दुर्गापूजा को देखते हुए इस अभियान के अधिकांश कार्यक्रम 9 या 10 अक्टूबर तक पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के तहत देशभर में 13 और पश्चिम बंगाल में 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आसनसोल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभियान की विस्तृत रूपरेखा रखी गई और प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के कार्यकाल तथा विकसित भारत के संकल्प को लेकर विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
अभियान की रूपरेखा बताते हुए पुरुलिया जिले पूर्व अध्यक्ष, वर्तमान राज्य कमेटी सदस्य तथा सेवा-संकल्प अभियान के प्रभारी विद्यासागर चट्टोपाध्याय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी सेवा यात्रा शुरू की थी। मुख्यमंत्री के रूप में करीब 13 वर्षों की जिम्मेदारी निभाने के बाद वे देश के प्रधानमंत्री बने। उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस अभियान के माध्यम से उनके कार्यों, विचारों और देश के लिए निर्धारित विकसित भारत के लक्ष्य को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘आशीर्वाद के दीप’ कार्यक्रम से होगी। शाम सात बजे देशभर के साथ पश्चिम बंगाल के गांव-गांव में दीप जलाए जाएंगे। पश्चिम बंगाल में करीब डेढ़ करोड़ दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। गंगा घाट पर एक लाख दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद मंत्री, विधायक और पार्टी के कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में मंदिरों, पार्टी कार्यालयों तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर दीप जलाकर प्रधानमंत्री के लिए जनता का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
वक्ताओं ने कहा कि देश की करोड़ों जनता को केंद्र सरकार की किसी न किसी योजना का लाभ मिला है। राशन, कोविड टीकाकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, आंगनबाड़ी तथा अन्य योजनाओं से लाभान्वित लोगों से अभियान में शामिल होकर प्रधानमंत्री के प्रति अपना आशीर्वाद व्यक्त करने की अपील की गई है।
अभियान के दूसरे प्रमुख कार्यक्रम ‘स्वप्न का भारत’ के तहत स्कूलों के बच्चों को जोड़ा जाएगा। माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर के स्कूलों में चित्रकला तथा भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी। बच्चों को यह बताना होगा कि वे 2047 में भारत और विकसित बंगाल को किस रूप में देखना चाहते हैं। कक्षा पांच से सात तथा कक्षा आठ से बारह तक के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग वर्ग बनाए जाएंगे। स्कूल स्तर पर चयनित प्रतिभागी जिला, राज्य और फिर केंद्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार दिए जाएंगे।
वक्ताओं ने कहा कि केवल बड़े लोगों को ही नहीं, बल्कि बच्चों को भी देश और समाज के विकास की जानकारी होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से कॉमिक्स के माध्यम से बच्चों को उनके गांव, मोहल्ले, विधानसभा और राज्य में सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों तथा उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में छोटे बच्चों और उनकी माताओं को सम्मानित करने के साथ बच्चों के पोषण और स्वस्थ विकास से जुड़े विषयों पर भी जागरूकता कार्यक्रम होंगे।
अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक और रैलियों के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के कार्यों को लोगों के सामने रखा जाएगा। विभिन्न इलाकों से रैलियां निकलेंगी और एक केंद्रीय स्थान पर पहुंचकर कार्यक्रम में तब्दील होंगी। वहां विशिष्ट वक्ताओं के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी लोगों को दी जाएगी।
‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’ भी अभियान का हिस्सा होगी। वाराणसी के विभिन्न पवित्र स्थानों से जल एकत्र कर वडनगर ले जाया जाएगा। वहां महादेव का अभिषेक कर भारत की समृद्धि और गौरव के लिए प्रार्थना की जाएगी। पश्चिम बंगाल से भी करीब 50 युवा इस यात्रा से जुड़ेंगे और वाराणसी जाकर बाइक के माध्यम से निर्धारित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
‘सेवा महायज्ञ’ के तहत 25 प्रकार के सेवा कार्य किए जाएंगे। इनमें रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, बच्चों को कॉपी-पेन उपलब्ध कराना, स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न जनसेवा के कार्य शामिल हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता और आम नागरिक को इनमें शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि सेवा के माध्यम से लोगों के जीवन में बदलाव लाना और प्रधानमंत्री के सेवा भाव को समाज तक पहुंचाना इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य है।
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत तीन दिवसीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से जनता और सरकार के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने का प्रयास होगा। विभिन्न ब्लॉक कार्यालयों में सेवा केंद्र बनाए जाएंगे, जहां सरकारी अधिकारी मौजूद रहेंगे। पार्टी कार्यकर्ता आम लोगों की समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाएंगे और उनके तत्काल समाधान का प्रयास करेंगे।
‘सेवा रंग’ कार्यक्रम के तहत अल्पना प्रतियोगिता आयोजित होगी। विभिन्न प्रमुख स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र, कमल का प्रतीक, भारत का नक्शा तथा देश की संस्कृति और विकास से जुड़े विषयों पर अल्पना बनाई जाएगी। बेहतर अल्पना का चयन कर प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि अल्पना भारतीय संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है और इस कला को नए रूप में सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
‘सेवा भारत इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने की योजना है। स्कूल, कॉलेज और विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों तथा युवाओं से नए और उपयोगी नवाचार आमंत्रित किए जाएंगे। सरकारी अधिकारियों, विशेषज्ञों और कार्यकर्ताओं की मदद से इन नवाचारों का चयन किया जाएगा और उपयोगी आविष्कारों को आगे बढ़ाने का प्रयास होगा।
वक्ताओं ने प्लास्टिक के पुनर्चक्रण से कपड़े तैयार करने तथा प्लास्टिक का इस्तेमाल सड़क निर्माण में करने जैसे नवाचारों का उल्लेख किया। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के युवाओं और स्टार्टअप से भी ऐसे नवाचारों के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। 9 अक्टूबर को कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में बड़े कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है, जहां बेहतर नवाचार करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
अभियान के तहत ‘गाथा’ और ‘मेरी कहानी’ के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक कहानियों को सामने लाया जाएगा। आयुष्मान भारत के माध्यम से गंभीर बीमारी के इलाज में सहायता पाने वाले परिवारों, प्रधानमंत्री आवास योजना से घर पाने वाले परिवारों तथा अन्य योजनाओं के लाभार्थियों की जिंदगी में आए बदलाव को दस्तावेज के रूप में तैयार किया जाएगा।
लाभार्थी अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर अपनी कहानी ‘माई गवर्नमेंट भारत’ पोर्टल पर साझा कर सकेंगे। देशभर से प्राप्त कहानियों में बेहतर कहानियों का चयन कर पेशेवर टीम के माध्यम से उन पर वीडियो तैयार किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न सोशल मीडिया प्रभावशाली व्यक्तित्वों और सामग्री निर्माताओं को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। वे लाभार्थियों की वास्तविक कहानियों तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर सामग्री तैयार करेंगे।
इस अवसर पर डॉक्टर अजय पोद्दार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा यात्रा 7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुई थी और अब उसके 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने शासन को केवल सत्ता और प्रतिष्ठा प्राप्त करने का माध्यम नहीं माना, बल्कि गरीबों, वंचितों, शोषितों और पीड़ितों को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए सेवा के रूप में काम किया।
उन्होंने गुजरात में नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री कार्यकाल का उल्लेख करते हुए बिजली, सड़क, नर्मदा नदी का पानी कच्छ सहित विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने, जल जीवन मिशन और साबरमती रिवर फ्रंट जैसे कार्यों को उनकी विकास सोच का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी ही विकास की सोच को पश्चिम बंगाल में भी आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। कोलकाता को आने वाले वर्षों में दिल्ली और मुंबई जैसे विकसित शहरों के समकक्ष लाने की दिशा में काम करने की बात भी कही गई।
डॉक्टर राजीव ने कहा कि अंत्योदय के तहत करोड़ों लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से चार करोड़ से अधिक परिवारों को घर उपलब्ध कराने, स्वच्छ भारत अभियान के तहत 12 करोड़ से अधिक घरेलू शौचालयों के निर्माण और उज्ज्वला योजना के माध्यम से 10 करोड़ से अधिक परिवारों को एलपीजी कनेक्शन देने का दावा किया गया। जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, जनधन योजना, डिजिटल इंडिया, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, सिंचाई, स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और मुद्रा योजना जैसी योजनाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि भारत डिजिटल तकनीक, रक्षा, रेलवे, कृषि, शिक्षा और हरित ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। रेलवे में विद्युतीकरण और दोहरीकरण के साथ नई ट्रेनों, बुलेट ट्रेन और हाइड्रोजन ट्रेन की दिशा में हो रहे कार्यों का उल्लेख किया गया। भारतीय वैज्ञानिकों की उपलब्धियों तथा हरित ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की प्रगति की भी चर्चा की गई।
नदी और जल प्रबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर वक्ताओं ने कहा कि झारखंड का पानी मैथन और पंचेत जैसे बांधों तथा दुर्गापुर बैराज के माध्यम से सिंचाई व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्राकृतिक वर्षा पर मनुष्य का पूरा नियंत्रण संभव नहीं है। यदि एक दिन में सामान्य से कई गुना अधिक बारिश होती है तो उसके प्रभावों का सामना करना पड़ता है। बांधों की भी अपनी क्षमता और सीमा होती है। जल प्रबंधन को प्राकृतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ाना होगा।
पश्चिम बंगाल में दुर्गापूजा को देखते हुए डॉक्टर राजीव ने कहा कि 10 अक्टूबर के बाद बड़े कार्यक्रम करना कठिन होगा। इसलिए राज्य में अभियान के सभी प्रमुख कार्यक्रम 9 अक्टूबर तक पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है और इसके लिए केंद्र से भी अनुरोध किया गया है।
अंतिम वक्तव्य में मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि 17 सितंबर से शुरू होने वाले इस एक माह के अभियान में आसनसोल जिले के प्रत्येक नागरिक को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर की शाम सात बजे प्रत्येक परिवार अपने घर के सामने दीप जलाकर उन्हें आशीर्वाद दे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ किसी न किसी रूप में लगभग हर परिवार तक पहुंचा है। राशन से लेकर कोविड टीकाकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना और आंगनबाड़ी की सुविधाओं तक आम लोगों को लाभ मिला है।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि कोविड के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संभालने के साथ कई अन्य देशों को भी दवा और वैक्सीन उपलब्ध कराने में भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि जिस समय भारत अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में 11वें स्थान पर था, आज वह तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों को लेकर केवल भाजपा कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि आम नागरिक भी इस अभियान में भाग लें।
उन्होंने कहा कि स्कूलों में होने वाली प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को 2047 के भारत और बंगाल के बारे में सोचने का अवसर मिलेगा। केवल चित्रकला ही नहीं, बल्कि भाषण प्रतियोगिता भी होगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रमाणपत्र और सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को यह जानकारी भी होनी चाहिए कि उनके गांव, मोहल्ले और विधानसभा क्षेत्र में सरकार की ओर से कौन-कौन से कार्य किए जा रहे हैं।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि आयुष्मान भारत जैसी स्वास्थ्य योजनाओं से लाभ पाने वाले लोगों की कहानियां भी सामने लाई जाएंगी। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि किसी व्यक्ति ने आयुष्मान भारत की सहायता से अपने पिता, माता या परिवार के किसी सदस्य का गंभीर बीमारी का इलाज कराया हो, किसी परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर मिला हो या किसी अन्य सरकारी योजना से जीवन में बदलाव आया हो, तो ऐसी वास्तविक कहानियों को सामने लाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ‘माई गवर्नमेंट भारत’ पोर्टल के माध्यम से लोग अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर अपनी कहानी साझा कर सकते हैं। देशभर से प्राप्त हजारों कहानियों में बेहतर कहानियों का चयन किया जाएगा और पेशेवर टीम के माध्यम से उन्हें लोगों तक पहुंचाया जाएगा। सोशल मीडिया प्रभावशाली व्यक्तियों की भूमिका भी इसमें महत्वपूर्ण होगी।
श्रीमति पाल कहा कि सेवा महायज्ञ के तहत बताए गए 25 सेवा कार्यों में से प्रत्येक कार्यकर्ता और संगठन को कम से कम दो कार्य अपने क्षेत्र में करने चाहिए। इनमें नदी की सफाई, महिला स्वास्थ्य जांच, किसी गांव को गोद लेकर सेवा कार्य करना, योग कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान सहित कई कार्य शामिल हैं। इन कार्यों को सोशल मीडिया के माध्यम से भी साझा किया जाएगा, ताकि सेवा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।
उन्होंने बताया कि 9 अक्टूबर को बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के प्रतिभाशाली बच्चों और युवाओं को लेकर बड़ा कार्यक्रम होगा। प्लास्टिक से कपड़े तैयार करने, प्लास्टिक से सड़क निर्माण सामग्री बनाने तथा अन्य अभिनव प्रयोग करने वाले युवाओं और स्टार्टअप को इसमें शामिल किया जाएगा। कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम में बेहतर नवाचार करने वालों को सम्मानित करने की योजना है।
अग्निमित्रा पाल ने अभियान के अंतिम चरण ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से संसद’ की जानकारी देते हुए कहा कि इसमें पंचायत से लेकर संसद तक के जनप्रतिनिधियों को जोड़ा जाएगा। सांसद, विधायक, पंचायत प्रतिनिधि, पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि इसमें शामिल होंगे। देश के विभिन्न स्थानों पर होने वाले कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों के विकास की योजनाओं पर चर्चा करेंगे और 2047 तक विकसित भारत तथा विकसित बंगाल बनाने के लिए आगे की रणनीति पर विचार करेंगे।
उन्होंने कहा कि यदि 2047 में विकसित भारत और विकसित बंगाल का सपना पूरा करना है तो उसकी योजना अभी से बनानी होगी। इसी उद्देश्य से पूरे पश्चिम बंगाल में प्रशासन, संगठन और आम जनता को साथ लेकर यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आसनसोल जिले के प्रत्येक नागरिक से कार्यक्रमों में शामिल होने तथा 17 सितंबर की शाम सात बजे अपने घर के सामने दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद देने की अपील की।
अभयंकर पाल ने कहा कि इस पूरे अभियान का उद्देश्य केवल राजनीतिक कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि सेवा के माध्यम से समाज और देश के विकास को आगे बढ़ाना है। भाजपा के लिए सेवा ही कर्म और सेवा ही धर्म है तथा इसी भावना के साथ लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में पश्चिम बर्दवान जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, जिला कमेटी के महासचिव अपूर्व हाजरा, संपा राय, रानीगंज के विधायक मदन चौबे, पार्थ घोष तथा मंत्री अग्निमित्रा पाल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

